Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

ICC चेयरमैन चुनाव: ग्रेग बार्कले ने किया इनकार, जय शाह को मिल सकती है जिम्मेदारी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी के मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने 30 नवंबर को अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद मंगलवार को तीसरे कार्यकाल की दौड़ से खुद को अलग कर लिया। इससे खेल की ग्लोबल गवर्नेंस ऑर्गेनाइजेशन में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

जय शाह इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे या नहीं ये 27 अगस्त तक साफ हो। 27 तारीख चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। आईसीसी चेयरमैन दो-दो साल के तीन कार्यकाल के लिए एलिजिबल होता है और न्यूजीलैंड के वकील बार्कले ने अब तक चार साल पूरे कर लिए हैं।

आईसीसी ने प्रेस रिलीज में कहा, ‘‘आईसीसी के चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने बोर्ड को कहा है कि वे तीसरे कार्यकाल के लिए खड़े नहीं होंगे और नवंबर के आखिर में अपना वर्तमान कार्यकाल खत्म होने पर पद छोड़ देंगे। ग्रेग बार्कले को नवंबर 2020 में आईसीसी के स्वतंत्र अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 2022 में फिर से इस पद पर चुना गया।’’

आईसीसी के नियमों के मुताबिक, चेयरमैन के चुनाव में 16 वोट होते हैं और अब विजेता के लिए नौ मत का साधारण बहुमत 51 फीसदी जरूरी है। इससे पहले चेयरमैन बनने के लिए निवर्तमान के पास दो-तिहाई बहुमत होना जरूरी था।

आईसीसी ने कहा, ‘‘मौजूदा निदेशकों को अब 27 अगस्त 2024 तक अगले अध्यक्ष के लिए नामांकन पेश करना होगा और अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार हैं, तो चुनाव होगा और नए चेयरमैन का कार्यकाल एक दिसंबर 2024 से शुरू होगा।’’

जय शाह को आईसीसी के बोर्ड में सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक माना जाता है। वे वर्तमान में आईसीसी की शक्तिशाली वित्त और वाणिज्यिक मामलों की उप- समिति के प्रमुख हैं। वोटिंग करने वाले 16 सदस्यों में से ज्यादातर के साथ उनके बहुत अच्छे रिश्ते हैं।

वर्तमान में बीसीसीआई सचिव के रूप में जय शाह का एक साल का कार्यकाल बचा है, जिसके बाद उन्हें अक्टूबर 2025 से तीन साल का मेंडेटरी ब्रेक (कूलिंग ऑफ पीरियड) लेना होगा।

सुप्रीम कोर्ट अप्रूवड बीसीसीआई के संविधान के मुताबिक कोई पदाधिकारी तीन साल की कूलिंग ऑफ अवधि से पहले छह साल तक पद पर रह सकता है। कुल मिलाकर कोई शख्स कुल 18 साल तक पद पर रह सकता है - राज्य संघ में नौ और बीसीसीआई में नौ साल।

अगर जय शाह अपने सचिव पद का एक साल बचे रहते हुए आईसीसी में जाने का फैसला लेते हैं तो उनके पास बीसीसीआई में चार साल बाकी रह जाएंगे। वे 35 साल की उम्र में आईसीसी के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन हो सकते हैं।

इससे पहले, जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर ऐसे भारतीय हैं जिन्होंने अतीत में आईसीसी का नेतृत्व किया है।