Breaking News

मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव: BJP प्रत्याशी सतीश पटेल 30 हजार 630 वोट से जीते     |   CWG: केंद्रीय मंत्री मंडाविया ने वेटलिफ्टिंग में पदक विजेताओं को नकद इनाम दिया     |   लोकसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित     |   कर्नाटक कैबिनेट विस्तार: यशवंतराय गौड़ा पाटिल ने इस्तीफ़ा सौंपा     |   महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी     |  

केरल में भारी बारिश का कहर, मलप्पुरम में हाईवे पर कई भूस्खलन, राज्य में 15 की मौत, 7 लापता

केरल के मलप्पुरम में भारी बारिश के कारण नदुकानी-परप्पनंगडी स्टेट हाईवे पर कई भूस्खलन हुए। पहला भूस्खलन होने के बाद उसी स्थान पर कई बार भूस्खलन हुआ। मलप्पुरम-वेंगारा मार्ग पर एडेयापलम और कराथोडु के बीच हुए भूस्खलन में पूरी पहाड़ी सड़क पर आ गिरी। बड़ी मात्रा में मिट्टी, विशाल पेड़ और चट्टानें हाईवे पर आ गिरीं, जबकि मलबा पास की कडालुंडी नदी में भी जा गिरा। पुलिस और दमकल कर्मियों के मौके पर स्थिति का जायजा लेने के दौरान ही दूसरा भूस्खलन हो गया।

घटना के बाद इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। मलप्पुरम की ओर जाने वाले वाहनों को फिलहाल कोनोमपारा के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है। भूस्खलन स्ट्रेट पाथ इंटरनेशनल स्कूल से महज 150 मीटर की दूरी पर हुआ है। अधिकारियों ने इलाके को बेहद खतरनाक घोषित करते हुए चेतावनी दी है कि यहां और भूस्खलन हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि 2019 में भी इसी स्थान पर भूस्खलन हुआ था।

फायर फोर्स और पुलिसकर्मी सड़क से मिट्टी और मलबा हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। इससे पहले आज मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बताया कि केरल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जबकि सात लोग अब भी लापता हैं। मुख्यमंत्री ने बारिश से संबंधित घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के अंतिम संस्कार के लिए 10,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही कृषि भूमि को हुए नुकसान के मुआवजे में संशोधन के लिए कृषि विभाग को प्रस्ताव पेश करने का निर्देश दिया।

तिरुवनंतपुरम में सभी जिला कलेक्टरों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सतीशन ने बताया कि करीब 165 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जिससे 3,596 किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, "सुबह 9 बजे तक राज्यभर के 316 राहत शिविरों में 11,018 लोग रह रहे हैं। अब तक 15 लोगों की मौत की सूचना मिली है। कोट्टायम के पूंजार विधानसभा क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई, जबकि पुथुपल्ली में एक बच्चा टैंक में गिरने से मारा गया। इडुक्की में दो लोगों की मौत हुई, जबकि विजिंजम और मुथलापोझी में एक-एक व्यक्ति की जान गई। विजिंजम और मुथलापोझी से एक-एक व्यक्ति लापता है। मलप्पुरम में चार लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति लापता है। कन्नूर में एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग लापता हैं, जबकि कोझिकोड में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। अब तक राज्यभर में 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग अब भी लापता हैं।"