Breaking News

दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से बाइक सवार 3 लोग गिरे, गंभीर रूप से घायल     |   ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया     |   फिरोजाबाद: CM योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया     |   निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |  

दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे झारखंड में सक्रिय, 20 जून तक भारी बारिश का अनुमान

Jharkhand: दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को पूरे झारखंड में सक्रिय हो गया जिससे भारी वर्षा हुई और 20 जून तक पूरे राज्य में बारिश जारी रहने की संभावना है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में मानसून ने मंगलवार को दस्तक दी थी, जिसका असर 24 में से 18 जिलों में देखा गया। 

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, ‘‘मानसून बुधवार को लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा, पलामू और चतरा जैसे शेष जिलों में आगे बढ़ गया।’’ झारखंड में एक जून से 17 जून तक 52 प्रतिशत कम वर्षा हुई थी। हालांकि, पिछले 24 घंटों में हुई ताजा बारिश के बाद एक जून से 18 जून तक सात प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। राज्य में एक जून से 18 जून तक 74.9 मिमी की सामान्य वर्षा के मुकाबले 80.4 मिमी वर्षा हुई है, जिसमें लातेहार जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।" 

अधिकारी ने बताया कि गहरवा जिले में 61 प्रतिशत कम बारिश हुई, उसके बाद रामगढ़ (45 प्रतिशत कम) का स्थान रहा। झारखंड में मंगलवार से भारी बारिश हो रही है, आईएमडी ने 20 जून तक और अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया है। 

आनंद ने कहा कि लोहरदगा जिले के कुरु में सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में सबसे अधिक 144 मिमी बारिश हुई। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान रांची में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सरायकेला-खरसावां के कुचाई में 124.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार के लिए बोकारो, धनबाद, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों के लिए 'रेड' अलर्ट (भारी से बेहद भारी बारिश) जारी किया गया है, जबकि गुरुवार के लिए रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के लिए भी यही चेतावनी जारी की गई है। 

रांची जिला प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाली सड़कों पर सावधानी बरतने का आग्रह किया है। आनंद ने कहा, ‘‘20 जून तक पूरे राज्य में व्यापक बारिश की उम्मीद है, कुछ हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है।’’ 
06181854