Breaking News

बहरीन ने ईरान के हवाई हमलों को अपने एयर डिफेंस सिस्टम से नाकाम किया     |   जून में भारत का निर्यात 15.5 फीसदी बढ़ा, व्यापार घाटा बढ़कर 30.43 अरब डॉलर हुआ     |   SC का हरियाणा सरकार को नोटिस, पार्श्वनाथ एक्सोटिका प्रोजेक्ट स्कैम पर जवाब मांगा     |   दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना किया     |   दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना किया     |  

Jharkhand: पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बीजेपी में हुए शामिल, पार्टी के ये बड़े नेता रहे मौजूद

जेएमएम छोड़ने के दो दिन बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शुक्रवार को बीजेपी में शामिल हो गए। चंपई सोरेन को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर लक्ष्मीकांत वाजपेयी और अर्जुन मुंडा समेत कई सीनियर नेता भी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की मौजूदगी में सोरेन बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हुए। इस दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया, जिससे सोरेन कुछ समय के लिए भावुक भी हो गए। 

आदिवासी नेता चंपई (67) के बीजेपी में शामिल होने को राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे राज्य के अनुसूचित जनजाति वर्ग में बीजेपी को अपनी स्थिति मजबूत करने के प्रयासों में बल मिलेगा। ये समुदाय जेएमएम का मुख्य आधार रहा है। 

चंपई सोरेन को जएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन का सबसे निकट सहयोगी माना जाता था। चंपई सोरेन ने बुधवार को जएमएम छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों ने उन्हें पार्टी को छोड़ने के लिए मजबूर किया है जिसकी उन्होंने कई वर्षों तक सेवा की है।

अलग झारखंड राज्य के लिए 1990 हुए आंदोलन में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘झारखंड का टाइगर’ भी कहा जाता है। झारखंड को 2000 में बिहार के दक्षिणी हिस्से से अलग करके बनाया गया था। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस साल के अंत में चुनाव होने हैं।