Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

अयोध्या दौरे पर वित्त मंत्री सीतारमण, बृहस्पति कुंड का करेंगी उद्घाटन

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज दो दिवसीय अयोध्या दौरे पर पहुंच रही हैं। उनके स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। सीतारमण अयोध्या प्रवास के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगी और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगी।

केंद्रीय वित्त मंत्री दोपहर करीब 2:50 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचेंगी। जहां से वे सीधे होटल रेडिसन जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 बजे राम कथा पार्क हेलीपैड पर पहुंचेंगे। हनुमानगढ़ी एवं रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद दोनों नेता बृहस्पति कुंड में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। जहां दक्षिण भारत के तीन महान संत-संगीतकारों त्यागराज स्वामिगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा।

रामनगरी के 108 प्राचीन कुंडों में शामिल बृहस्पति कुंड अब पूरी तरह नया रूप ले चुका है। माना जाता है कि भगवान श्रीराम और उनके भाइयों ने इसी स्थल पर स्नान और पूजा-अर्चना की थी। योगी सरकार ने इसे सौंदर्यकरण अभियान के तहत भव्य स्वरूप दिया है। अब यह स्थान अयोध्या के धार्मिक पर्यटन का एक प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है।

वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री दोनों तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र (PFC) में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे निर्मला सीतारमण सरयू आरती में शामिल होंगी। जबकि योगी आदित्यनाथ रात में लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वित्त मंत्री रात को होटल रेडिसन में ठहरेंगी। 9 अक्टूबर की सुबह 6 बजे वित्त मंत्री श्रीरामलला की श्रृंगार आरती में भाग लेंगी और जन्मभूमि परिसर के अन्य मंदिरों का दर्शन करेंगी। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे वे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

वित्त मंत्री के दौरे को लेकर अयोध्या प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने सभी स्थलों का निरीक्षण किया है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो। निर्मला सीतारमण का यह दौरा अयोध्या को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से नई पहचान देने वाला साबित हो सकता है।