Breaking News

जम्मू कश्मीर: पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट, 2 जवान जख्मी     |   UP में बारिश से हुए नुकसान का CM योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को मदद के निर्देश     |   J-K: बिजबेहारा में अमरनाथ यात्रियों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, चार तीर्थयात्री घायल     |   सुप्रीम कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी के सहयोगी सुमित रॉय की गिरफ़्तारी पर रोक लगाई     |   दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर शख्स की मौत, पिलर में करंट आने से हुआ हादसा     |  

दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के 6 स्टेशनों पर एस्केलेटर की मरम्मत, यात्रियों से लिफ्ट इस्तेमाल करने की अपील

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने गुरुवार को यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए येलो लाइन के छह मेट्रो स्टेशनों पर लिफ्ट का उपयोग करने की सलाह दी है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चयनित एस्केलेटरों का बड़ा ओवरहाल (मरम्मत कार्य) किया जा रहा है। डीएमआरसी के अनुसार, अर्जनगढ़, गुरु द्रोणाचार्य, सिकंदरपुर, एमजी रोड, इफको चौक और मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम मेट्रो स्टेशनों पर एस्केलेटरों की मरम्मत का काम जारी है।

एडवाइजरी के मुताबिक, अर्जनगढ़ स्टेशन पर कॉन्कोर्स से प्लेटफॉर्म तक जाने वाले एस्केलेटर का ओवरहाल किया जा रहा है। वहीं गुरु द्रोणाचार्य, सिकंदरपुर, एमजी रोड, इफको चौक और मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम स्टेशनों पर ग्राउंड लेवल से कॉन्कोर्स तक जाने वाले एस्केलेटरों की मरम्मत की जा रही है।

डीएमआरसी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक इन स्टेशनों पर उपलब्ध लिफ्ट का उपयोग करें। हालांकि, निगम ने अभी यह नहीं बताया है कि यह कार्य कब तक पूरा होगा। यात्रियों से यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाने और मेट्रो कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की गई है।

डीएमआरसी ने कहा कि यह ओवरहालिंग कार्य मेट्रो नेटवर्क के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाए रखने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली को हरियाणा के मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से जोड़ती है। यह मेट्रो नेटवर्क की सबसे व्यस्त लाइनों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। डीएमआरसी ने यह भी कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान प्रभावित स्टेशनों पर यात्रियों को अस्थायी असुविधा हो सकती है। ऐसे में यात्रियों से वैकल्पिक सुविधाओं का उपयोग करने और सुचारु संचालन के लिए मेट्रो स्टाफ का सहयोग करने की अपील की गई है।