भारतीय क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने टीवी एक्ट्रेस चार्ली चौहान से शादी कर ली है। दोनों ने पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ शादी की। इस शादी में क्रिकेट और टीवी जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। शादी का समारोह निजी रखा गया, जिसमें परिवार के सदस्यों, करीबी दोस्तों, साथी क्रिकेटरों और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने शिरकत की। पंजाब के क्रिकेटर और रमनदीप के करीबी दोस्त भी इस खास मौके पर मौजूद रहे।
शादी में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज नमन धीर, मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार और पंजाब के क्रिकेटर जसिंदर सिंह नजर आए। टीवी अभिनेता जय भानुशाली ने भी शादी समारोह की एक तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। शादी के मौके पर रमनदीप सिंह ने क्रीम रंग की कढ़ाई वाली शेरवानी पहनी थी। वहीं, चार्ली चौहान मरून रंग के ट्रेडिशनल ब्राइडल लहंगे और हैवी ज्वेलरी में बेहद खूबसूरत नजर आईं।
चार्ली चौहान को टीवी शो ‘कैसी ये यारियां’ से खास पहचान मिली। वह ‘बेस्ट फ्रेंड्स फॉरएवर’ में भी नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने MTV Roadies में हिस्सा लिया और डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ में भी भाग लिया था। रमनदीप सिंह घरेलू क्रिकेट में पंजाब और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए जाने जाते हैं। रमनदीप 2024 IPL की खिताब जीतने वाली KKR टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 29 जनवरी 2017 को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पंजाब के लिए इंटर-स्टेट टी20 टूर्नामेंट में अपना टी20 डेब्यू किया था।