संसद के दोनों सदनों में लगातार हो रहे हंगामे और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को संसद परिसर में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। वहीं, दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद विपक्षी सांसदों की जोरदार नारेबाजी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग के चलते सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
लगातार हंगामे के बीच लोकसभा में जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक पारित किया गया। यह विधेयक जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 में आगे संशोधन का प्रावधान करता है। विधेयक पारित होने के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधेयक को सदन में लाने और पारित करने का समय बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) में आपसी सहमति से तय किया गया था।
रिजिजू ने कहा, "आज एक महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुआ और हम चाहते थे कि सभी सदस्य इसमें हिस्सा लें। इसके लिए समय बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में तय किया गया था।" उन्होंने विपक्षी सांसदों से कहा कि वे सदन के बाहर जाकर यह न कहें कि विधेयक बिना चर्चा के पारित कर दिया गया।विधेयक पारित होने और विपक्ष के लगातार हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही अब 3 अगस्त को सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी विपक्षी सांसदों के जोरदार हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष ने कई मुद्दों को लेकर विरोध किया, जिसमें 20 जुलाई को NEET मुद्दे पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई का मामला भी शामिल था। राज्यसभा की कार्यवाही अब सोमवार को सुबह 11 बजे दोबारा शुरू होगी।