Breaking News

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 60 लोगों को किया घायल     |   उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने धर्मस्थल मंदिर में की पूजा-अर्चना     |   बीजेपी ने TMC नेता कल्याण बनर्जी के हमले के दावे को बताया ड्रामा     |   बंगाल के कई जिलों में टीएमसी का प्रदर्शन, कई जगहों पर किया रोड जाम     |   पश्चिम बंगाल में कल मंत्रिमंडल विस्तार होगा     |  

लखनऊ में महिला से छेड़छाड़ का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस पर की थी फायरिंग

विकासनगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और बर्बर मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सनी यादव के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि शनिवार को विकासनगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और गंभीर मारपीट की सूचना मिली थी। मामले में तत्काल सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान सनी यादव के रूप में हुई, जिसके बाद उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

रविवार सुबह पुलिस को आरोपी के कुकरेल पुल के पास होने की सूचना मिली। जब पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आरोपी की गोली विकासनगर थाने की पुलिस गाड़ी में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की विस्तृत पूछताछ जारी है। इसी बीच, एक अन्य मामले में लखनऊ पुलिस ने भाजपा युवा नेता शिवम सिंह हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 25-26 मई की रात शिवम सिंह पर पत्थरों से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।

क्राइम ब्रांच, स्वाट/सर्विलांस टीम और विभूतिखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शांतनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक और विवेक सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अनुज सिंह, जो आजमगढ़ का रहने वाला है, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। लखनऊ कमिश्नरेट के डीसीपी पूर्वी ने आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।