Breaking News

सेंसेक्स 273 अंक चढ़कर 77,928, निफ्टी 66 अंक बढ़कर 24,317 पर क्लोज हुए     |   लोकसभा के बाद राज्यसभा से वंदे मातरम् बिल पास, अब रोक डालने पर एक्शन का रास्ता     |   CWC: मोहम्मद बासिल के पैरा एथलेटिक्स में सिल्वर मेडल जीतने पर PM मोदी ने बधाई दी     |   गुजरात में 3 दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका, सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द     |   वेस्ट एशिया संकट: PM मोदी की वरिष्ठ मंत्रियों संग बैठक, सप्लाई चेन को किया रिव्यू     |  

दतिया उपचुनाव में दोपहर 3 बजे तक 61.48 फीसदी मतदान, BJP-कांग्रेस ने जीत का किया दावा

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक करीब 61.48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव अधिकारियों की लगातार निगरानी के बीच मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे पहले दोपहर 1 बजे तक 48.91 फीसदी, सुबह 11 बजे तक 32.53 फीसदी और सुबह 9 बजे तक 12.94 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हुआ और अब तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी 291 मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ केंद्रीय कंट्रोल रूम से CCTV के जरिए मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है। दोनों ही दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा, भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी और कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। मतदान के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्होंने इस उम्मीद के साथ वोट दिया है कि दतिया में भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र में अच्छे मतदान प्रतिशत की उम्मीद भी जताई।

भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा कि जनता में मतदान को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने दावा किया कि लोग विकास, सुशासन और दतिया की प्रगति के लिए मतदान कर रहे हैं और बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की और विश्वास जताया कि उपचुनाव में कांग्रेस निर्णायक जीत हासिल करेगी। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ है और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। मतों की गिनती 3 अगस्त को की जाएगी।दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की 2 अप्रैल को अयोग्यता के बाद रिक्त हुई थी।