Breaking News

'बातचीत फेल हुई, तो लंबी लड़ाई के लिए तैयार', ईरान ने दी नई धमकी     |   खाड़ी देशों के दौरे पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, अबू धाबी पहुंचे     |   हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम के सेक्रेटरी को मार गिराने का इजरायल ने किया दावा     |   'BJP सरकार कानून पर कायम करेगी भरोसा, ये मोदी की गारंटी', हल्दिया की रैली में बोले PM     |   दिल्ली में दौड़ी 'तबादला एक्सप्रेस', 20 से ज्यादा IAS का ट्रांसफर     |  

असम चुनाव: जुबीन गर्ग की पत्नी और बहन ने दिसपुर में डाला वोट

दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पाल्मी बोर्थाकुर ने असम विधानसभा चुनाव के तहत दिसपुर के मतदान केंद्र संख्या 116 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बावजूद गरिमा सैकिया गर्ग वोट डालने पहुंचीं और इसे अपना कर्तव्य बताया। उन्होंने अपने पति के लिए न्याय की उम्मीद भी जताई।

गरिमा ने कहा, “मैं कल ही अस्पताल से डिस्चार्ज हुई हूं। पहले मैं जुबीन के साथ वोट डालने जाती थी। वोट करना हमारा कर्तव्य है। मैं शारीरिक रूप से ठीक नहीं हूं, लेकिन फिर भी मतदान करने आई हूं।” उन्होंने कहा, “हम जुबीन गर्ग के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इसका परिणाम सामने आएगा।”

जुबीन गर्ग की बहन पाल्मी बोर्थाकुर ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “अगर आप अपनी पसंद की अच्छी सरकार चाहते हैं तो सोच-समझकर वोट करें।” इस बीच, चुनाव आयोग के अनुसार असम में सुबह 11 बजे तक 38.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में गुरुवार सुबह 7 बजे से एक चरण में मतदान शुरू हुआ, जिसके लिए चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान की व्यापक व्यवस्था की है।

असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जबकि 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 2,50,54,463 मतदाताओं में 1,25,31,552 पुरुष और 1,25,22,593 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 318 ट्रांसजेंडर मतदाता और 63,423 सर्विस वोटर्स भी शामिल हैं।

मतदाताओं में 6,42,314 युवा (18-19 वर्ष), 2,50,006 वरिष्ठ नागरिक (80 वर्ष से अधिक) और 2,05,085 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। चुनाव की निगरानी के लिए सभी 31,490 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए 1,51,132 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 41,320 बैलेट यूनिट, 43,975 कंट्रोल यूनिट और 43,997 वीवीपैट मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं। राजनीतिक मुकाबले की बात करें तो कांग्रेस ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को टक्कर देने के लिए छह दलों के साथ गठबंधन किया है, जबकि सत्तारूढ़ एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहा है।