Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

68 साल के हुए अनिल कपूर, एक नजर उनके शानदार करियर पर

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर मंगलवार को 68 साल के हो गए। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हुए उन्हें चार दशक से ज्यादा हो चुके हैं। मुंबई में जन्मे अनिल कपूर फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सुरिंदर कपूर फिल्म निर्माता थे। उनके भाई बोनी कपूर और संजय कपूर भी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं।

अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर कॉस्ट्यूम डिजाइनर हैं। बेटी सोनम कपूर, रिया कपूर और बेटे हर्षवर्धन कपूर भी बॉलीवुड में काम कर चुके हैं। अनिल कपूर ने अपना फिल्मी करियर 1980 के दशक में "वो सात दिन" और "मशाल" जैसी फिल्मों से शुरू किया। 

हालांकि 1985 में आई फिल्म "मेरी जंग" में अनिल कपूर को प्रेम के किरदार में दर्शकों ने खूब प्यार दिया। 1980 और 1990 के दशक में अनिल कपूर ने कई हिट फिल्में दीं। उन्होंने "कर्मा", "मिस्टर इंडिया", "तेजाब" और "लम्हे" में दमदार एक्टिंग की। 2000 के दशक में "नायक", "अरमान" और "नो एंट्री" जैसी फिल्मों में भी अनिल कपूर को काफी पसंद किया गया। 

हालांकि, इंटरनेशनल लेवल पर उन्हें पहचान साल 2008 में आई फिल्म "स्लमडॉग मिलियनेयर" से मिली। इस फिल्म में उन्होंने गेम शो के होस्ट का किरदार निभाया था। अनिल कपूर की इस फिल्म ने ऑस्कर अवार्ड भी जीता। अनिल कपूर ने "दिल धड़कने दो", "वेलकम बैक" और "फन्ने खां" जैसी कई और हिट फिल्मों में भी काम किया। अपनी दमदार एक्टिंग के बूते उन्होंने अपने चाहने वालों के दिलों में अलग जगह बनाई। 

अनिल कपूर को उनके शानदार करियर के दौरान कई बार अवार्ड से नवाजा गया। साल 2000 में उन्हें फिल्म "पुकार" के लिए बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 1989 में आई फिल्म "तेजाब" और 1993 में आई फिल्म "बेटा" के लिए बेस्ट एक्टर का फिल्मफेयर अवार्ड मिला। इसके साथ ही उन्हें 2016 में फिल्म "दिल धड़कने दो" के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के तौर पर आईफा अवार्ड से नवाजा गया। 

अगले साल अनिल कपूर की कई फिल्में रिलीज होंगी। वो कॉमेडी फिल्म "नो एंट्री में एंट्री" में नजर आएंगे। ये 2005 की हिट फिल्म "नो एंट्री" का सीक्वल है।