Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

UP PCS PRE 2024 Exam: पीसीएस प्री परीक्षा आज

उत्‍तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस 2024 प्रारंभिक परीक्षा आज दो पालियों में आयोजित की जा रही है. लोक सेवा आयोग के इतिहास में पहली बार प्रदेश के सभी जिलों में एग्‍जाम सेंटर बनाए गए हैं. 1331 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी. वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इस बार पेपर डिजिटल बॉक्‍स में लॉक होंगे. परीक्षा सेंटर में प्रवेश से पहले लड़‍क‍ियों की कान से बाली उतरवा ली गई. साथ ही कुंडल और अंगूठी भी उतरवा लिए गए. हाथों से कलावा काटा गया. 

यूपी पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा निष्‍पक्ष और नकल विहीन कराने के बाद अब योगी सरकार पीसीएस प्री परीक्षा को भी शुचिता के साथ संपन्‍न कराने में जुटी है. परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए यूपी एसटीएफ अलर्ट पर है. लोक सेवा आयोग की आरओ-एआरओ प्री परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद आयोग की सबसे बड़ी परीक्षा में सेंध मारने वालों पर कड़ी निगरानी की जा रही है. प्रदेश भर में 1331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सबसे ज्‍यादा परीक्षा केंद्र प्रयागराज में है, यहां 51 एग्‍जाम सेंटर हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर 51 सेक्‍टर मजिस्‍ट्रेट और स्‍टेटिक मजिस्‍ट्रेट तैनात किए गए हैं. 

बता दें कि पहली पाली में सामान्‍य अध्‍ययन का पेपर होगा. वहीं, दूसरी पाली में सीसैट का पेपर होगा. पीसीएस के 220 पदों पर भर्ती के लिए 576154 अभ्‍यर्थियों ने आवेदन किया है. परीक्षा केंद्रों पर अभ्‍यर्थियों का निर्धारित समय से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा. यूपी पीसीएस प्री 2024 की परीक्षा कई बार स्‍थगित हो चुकी है. सबसे पहले 17 मार्च को प्री परीक्षा होनी थी, लेकिन आरओ-एआरओ प्री का पेपर लीक होने के चलते परीक्षा टल गई थी. इसके बाद जून और अक्‍टूबर में परीक्षा की डेट घोषित की गई. फ‍िर भी स्‍थगित कर दी गई. 

चित्रकूट में पीसीएस प्री परीक्षा को लेकर 9 केंद्र बनाए गए हैं. यहां 4032 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इनका कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंदों में प्रवेश कराया गया. परीक्षा केंदों के बाहर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं.  पीसीएस प्री परीक्षा के लिए कुशीनगर में 7 केंद्र बनाए गए हैं. सकुशल संपन्न करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किया हैं. हर परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही केंद्र व्यवस्थापक और सहयोगी अंतरिक्षक की तैनाती की गई है. 

श्रावस्ती में तीन केंद्रों पर परीक्षा हो रही है. एक एक परीक्षार्थी की सघन तलाशी के बाद ही उनको परीक्षा केंद्रों के अंदर एंट्री दी गई है. श्रावस्ती जिले के भिनगा, इकौना और जमुनहा में पीसीएस परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. 

हमीरपुर में 6 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है. यहां पीसीएस परीक्षा में 2382 परीक्षार्थी शामिल होंगे. सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है. सकुशल परीक्षा संपन्न कराए जाने को लेकर 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 6 स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित परीक्षा केंद्रों पुलिस बल तैनात किया गया.

पीसीएस प्री परीक्षा के लिए फ‍िरोजाबाद में 13 केंद्र बनाए गए. सुबह आठ बजे से केंद्रों पर पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए. वहीं, ताजनगरी आगरा में पीसीएस प्री एग्जाम को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखी. आगरा में 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए. इनमें 17951 अभ्यर्थी एग्जाम देंगे.