उत्तर दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मंजिला मकान ढह जाने से घायल लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, हादसे में घायल 10 लोगों को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल और डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल भेजा गया है। मौके पर अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है।
मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है। बचाव दल मलबे की लगातार जांच कर रहा है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जिस भवन में हादसा हुआ, वहां बर्तन पॉलिश करने का काम किया जाता था। पुलिस का कहना है कि घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) गिरिराज ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के कारण करीब 250 वर्ग गज क्षेत्र में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। इसी बीच, पूर्वी दिल्ली के अजीत नगर, शाहदरा इलाके में भी सिलेंडर फटने की एक घटना सामने आई थी। इस हादसे में कम से कम चार लोग घायल हुए थे।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एक महिला, बच्चों और एक पुरुष को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं।