Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

अमित शाह ने उत्तरकाशी में अचानक आई बाढ़ के बाद सीएम धामी से की बात, सात बचाव टीम रवाना

New Delhi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर उत्तरकाशी के धराली में अचानक आई बाढ़ के बारे में जानकारी ली और प्रभावित लोगों की मदद के लिए सात बचाव टीम भेजने का आदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि धराली में बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में बाढ़ आने से चार लोगों की मौत हो गई और कई मकान और होटल तबाह हो गए।

शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘धराली (उत्तरकाशी) में अचानक आई बाढ़ के संबंध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात की और घटना की जानकारी ली। पास में ही तैनात आईटीबीपी की तीन टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया है, साथ ही एनडीआरएफ की चार टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुंच कर बचाव कार्य में लगेंगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड के मातली में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 12वीं बटालियन से 16 सदस्यीय टीम धराली पहुंच गई है, जबकि इसी बल की एक अन्य टीम को भी बादल फटने वाली जगह पर पहुंचने को कहा गया है। धराली गंगोत्री के रास्ते में मुख्य पड़ाव है और यहां कई होटल, रेस्तरां और होमस्टे हैं।