Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

Uttar Pradesh: कन्नौज में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, बेटे पर संदेह

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में रविवार रात घर के बाहर सो रहे 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला करके कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक श्रीकृष्ण बाथम अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे, तभी अज्ञात परिस्थितियों में उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह उनके पोते रजनीश ने बाथम का खून से लथपथ शव देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के बेटे अशोक ने रविवार शाम शराब के नशे में अपने पिता से झगड़ा किया था, जिसे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शांत कराया था।

पुलिस के अनुसार, अशोक अलग रह रहा था और पिता से उसका अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि हत्या के पीछे करीब चार बीघा कृषि भूमि का विवाद कारण हो सकता है। पोते रजनीश की शिकायत पर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।