Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

देहरादून में दिनदहाड़े एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, मां समेत चार लोगों पर मामला दर्ज

Uttarakhand: देहरादून शहर के बीचोंबीच बुधवार को दिनदहाड़े एक प्रमुख गैस एजेंसी के मालिक की स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दस दिन के भीतर शहर में हत्या की यह दूसरी वारदात है।

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तिब्बती मार्केट में बने मंदिर के बाहर सुबह करीब साढ़े 10 बजे यह घटना उस समय हुई जब बसंत विहार क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी अर्जुन शर्मा (42) रोज की तरह टेनिस खेलकर स्टेडियम से बाहर आने के बाद घर जाने के लिए कार में बैठने वाले थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि शर्मा को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी बीच, मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा सहित चार लोगों पर अपने पति की हत्या का शक जताया है और पुलिस को एक तहरीर सौंपी है, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

तहरीर में अभिलाषा ने कहा है कि उनकी सास का विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल तथा एसके मैमोरियल अस्पताल के मालिक डॉ अजय खन्ना के साथ पैसों का लेन-देन होता था जिसका उनके पति अर्जुन शर्मा विरोध करते थे और इसी बात को लेकर उनका अपनी मां से विवाद था।

अभिलाषा ने इसी विवाद के कारण इन व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या करवाए जाने का शक जताया है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिर्फ 10 दिन के अंतराल में देहरादून शहर में यह दूसरी हत्या है। इससे पहले, दो फरवरी को मच्छी बाजार में एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर 22 वर्षीय युवती की हत्या कर दी थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल रेंज, राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा देहरादून के एसएसपी को हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने व भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने को कहा।