Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

Chhattisgarh: बस्तर इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 14 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों के साथ शनिवार को दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 नक्सली मारे गए। पुलिस अधिकारियों ने ये जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने सुकमा जिले में 12 नक्सलियों को और पड़ोसी बीजापुर जिले में दो अन्य नक्सलियों को मार गिराया।

उन्होंने बताया कि बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने खोजी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दलों को रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बीजापुर जिले में सुबह लगभग पांच बजे से तथा सुकमा जिले में सुबह लगभग आठ बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थलों से कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें बीजापुर जिले से मिले दो और सुकमा जिले से मिले 12 नक्सलियों के शव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में एके 47, इंसास, एसएलआर राइफल जैसे हथियार बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान अब भी जारी है इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, अभियान ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां इस समय साझा नहीं की जा सकतीं ताकि अभियान में शामिल जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के बाद इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 14 नक्सली मारे गए हैं। वहीं पिछले वर्ष सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 285 नक्सलियों को मार गिराया था।