हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद सोमवार को अडाणी ग्रुप की सभी 10 कंपनियों के शेयर में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। अडाणी एनर्जी के शेयर में सबसे ज्यादा 17 फीसदी की गिरावट आई।
बीएसई सेंसेक्स पर लिस्टेड अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 17 फीसदी, अडाणी टोटल गैस में 13.39 फीसदी, एनडीटीवी में 11 फीसदी और अडाणी पावर में 10.94 फीसदी की गिरावट आई।
अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 6.96 फीसदी, अडाणी विल्मर में 6.49, अडाणी एंटरप्राइजेज में 5.43, अडाणी पोर्ट्स में 4.95, अंबुजा सीमेंट्स में 2.53 और एसीसी में 2.42 फीसदी की गिरावट आई।
अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग ने शनिवार को व्हिसलब्लोअर दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि सेबी की चेयरपर्सन माधबी बुच और उनके पति धवल बुच की उन ऑफशोर कंपनियों में हिस्सेदारी है, जो कथित तौर पर अडाणी घोटाले से जुड़ी हैं। हालांकि, अडाणी और सेबी, दोनों ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में लगाए सभी आरोपों को निराधान बताया है।
बुच दंपत्ती ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि ये निवेश 2015 में किए गए थे, जो 2017 में सेबी के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में उनकी नियुक्ति और मार्च 2022 में चेयरपर्सन के रूप में उनके प्रमोशन से काफी पहले था।