कोलकाता, 10 सितंबर (भाषा) कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में एक महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के दो मुख्य आरोपियों में से एक को बुधवार को भागने की कोशिश करते समय बर्धमान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘हरिदेवपुर घटना के एक मुख्य आरोपी को बुधवार सुबह बर्धमान स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरा फरार है। हम उसकी तलाश कर रहे हैं।’’
पीड़िता द्वारा हरिदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात को जन्मदिन की एक पार्टी में उसके साथ बलात्कार किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़िता की गिरफ्तार आरोपी से एक साझा मित्र के माध्यम से जान-पहचान हुई थी।
उन्होंने बताया, ‘‘इस व्यक्ति ने खुद को दक्षिण कोलकाता की एक प्रमुख दुर्गा पूजा समिति का सदस्य बताया था। उसके ज़रिए महिला की मुलाक़ात दीप नाम के एक और युवक से हुई। दोनों ने उसे समिति से जोड़ने का वादा किया। वे अक्सर बातें करते थे। पांच सितंबर को उसके जन्मदिन पर दोनों कथित तौर पर उसे रीजेंट पार्क इलाके के एक फ्लैट में जश्न मनाने के लिए ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।’’
घटना के बाद महिला किसी तरह घर लौटी और बाद में शिकायत दर्ज करायी।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम गिरफ्तार व्यक्ति को कोलकाता ला रहे हैं। ऐसा लगता है कि वह बर्धमान स्टेशन से ट्रेन से संभवत: किसी दूसरे राज्य में भागने की योजना बना रहा था। हम अन्य आरोपी का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रहे हैं।’’
भाषा गोला मनीषा
मनीषा