सुलतानपुर (उप्र), 18 अक्टूबर (भाषा) सुलतानपुर जिले में पति की हत्या के मामले में आरोपी एक महिला की उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर पिटाई कर दी, जिसके बाद चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना शुक्रवार को चांदा कोतवाली क्षेत्र के कयामुद्दीनपुर गांव में हुई थी।
उन्होंने बताया कि महिला की पिटाई का वीडियो शनिवार शाम सोशल मीडिया पर सामने आया था।
अधिकारियों के मुताबिक सितंबर 2025 में पूजा नामक महिला ने अपने प्रेमी जयप्रकाश के साथ मिलकर पति महेश की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पूजा ने कथित तौर पर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने जयप्रकाश को गिरफ्तार करके पूछताछ की, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि महेश के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस ने पूजा को हिरासत में लिया था और बाद में मृतक के भाई गणेश की शिकायत पर पूजा और जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया था।
उन्होंने बताया कि पूजा जून 2026 में अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आई और अपने मायके के गांव परसरामपुर में रहने लगी।
अधिकारियों ने बताया आरोप है कि शुक्रवार 16 अक्टूबर को पूजा कयामुद्दीनपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंची और वहां कक्षा पांच में पढ़ने वाली बेटी सुंदरी और पहली कक्षा में पढ़ने वाले बेटे समर को अपने साथ ले जाने की बात कही।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के शिक्षक ने बच्चों से महिला की पहचान के बारे में पूछा तो उन्होंने उसे अपनी मां बताया।
अधिकारियों के अनुसार शिक्षक को पूजा के बारे में पहले से जानकारी थी, इसलिए उन्होंने फोन करके बच्चों के घरवालों को इसकी सूचना दी जिसके बाद पूजा की बड़ी बेटी प्रिया विद्यालय पहुंची और दोनों बच्चों को लेकर घर चली गई।
आरोप है कि पूजा भी उनके पीछे-पीछे घर पहुंच गई और बच्चों को साथ ले जाने की जिद करने लगी।
इस दौरान उसके जेठ कैलाश, गणेश, गणेश के बेटे दुर्जन और हरिओम ने कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी।
लंभुआ के पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने रविवार को बताया कि पूजा की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।
भाषा सं सलीम
सिम्मी जोहेब
जोहेब