Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

बाराबंकी में युवती की हत्या; पिता और चाचा गिरफ्तार

बाराबंकी (उप्र), 18 अक्टूबर (भाषा) पुलिस ने बाराबंकी जिले में प्रेम प्रसंग के विरोध में 26 वर्षीय युवती की हत्या करने के आरोप में उसके पिता और चाचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पार्वती का शव गांव के बाहर खेत में बने एक कुएं से शनिवार को बरामद किया गया था।

उसने बताया कि जांच में सामने आया है कि उसके पिता दिनेश और चाचा चक्रेश ने 16 अक्टूबर की शाम कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और फिर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव कुएं में फेंक दिया।

रामनगर के कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस को युवती के पिता के घर पर ताला लगा मिला। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी और दोनों एक ही जाति के थे तथा उनकी शादी भी तय हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, दिनेश और चक्रेश की तलाश की गई और ग्रामीणों की मदद से दोनों को देर रात पकड़कर थाने लाया गया।

उसने बताया कि पूछताछ के दौरान दिनेश ने अपना अपराध कथित तौर पर स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, दिनेश ने बताया कि उसकी बेटी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी और ‘‘सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए’’ उसने शादी के लिए सहमति दे दी थी, लेकिन वह खुद इस शादी के पक्ष में नहीं था।

पुलिस के अनुसार, पार्वती 13 अक्टूबर को घर से चली गई थी, जिसके बाद उसके पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी तथा दिनेश और उसका भाई भी पार्वती की तलाश में निकले थे।

उसने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम पार्वती मरकामऊ के आसपास मिली, जिसके बाद दिनेश और चक्रेश उसे घर ले आए। उसने बताया कि आरोप है कि घर लाने के बाद दोनों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसी रात शव गांव के बाहर खेत में बने कुएं में फेंक दिया।

कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं सलीम सिम्मी

सिम्मी