नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) भारत के पैरा बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत ने कहा कि एशियाई पैरा खेलों की चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित रखा है और इसलिए उन्हें उम्मीद है कि टीम पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
भारत ने 2023 हांगझोऊ एशियाई पैरा खेलो में पैरा बैडमिंटन में चार स्वर्ण, छह रजत और 11 कांस्य सहित 21 पदक जीते थे।
भगत ने पीटीआई से कहा, ‘‘पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों की तैयारी बहुत अच्छी रही है। खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है और वह शीर्ष स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए तैयार हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम पिछली बार की तुलना में अधिक पदक जीतने में सफल रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि यह टीम दमदार प्रदर्शन करने और भारत के लिए और अधिक पदक जीतने में सक्षम है। कोटा प्रणाली के कारण खिलाड़ियों की संख्या कम होने के बावजूद हमने अपने अभ्यास और तैयारी पर ध्यान केंद्रित रखा।’’
भगत ने कहा, ‘‘प्रत्येक खिलाड़ी ने अपनी तैयारी को जारी रखा और इन घटनाक्रमों का खुद पर असर नहीं पड़ने दिया। प्रत्येक खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।’’
भाषा पंत आनन्द
आनन्द