ऊना (हिमाचल प्रदेश), 18 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के अलग-अलग मामलों में आरोपी दो लोगों की 71.27 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
ऊना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन हिरमठ ने रविवार को बताया कि जब्त की गई संपत्तियों में तीन मालवाहक ट्रक, कृषि भूमि, वाहन और बैंक खातों में जमा रकम शामिल है।
एसपी ने बताया कि पहला मामला जून 2025 का मेहतपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने चरहतगढ़ में कुलविंदर गिल के वाहन और घर से 123 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद किया था।
अधिकारी ने बताया कि जांच के तहत पुलिस ने अब तीन मालवाहक ट्रक जब्त किए हैं और बैंक खातों में जमा 52.06 लाख रुपयों को ‘फ्रीज’ कर दिया है।
दूसरे मामले में, जून में ऊना सदर थाना क्षेत्र में दो लोगों से 25.30 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया था। जांच के दौरान संतोषगढ़ निवासी बलविंदर कुमार की इस मामले में संलिप्तता के बारे में पता चला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बलविंदर कुमार के नाम पर कुल 19.21 लाख रुपये की संपत्ति ‘फ्रीज’ की गई है, जिसमें 2,000 वर्ग मीटर कृषि भूमि, एक मोटरसाइकिल और बैंक खातों में जमा रकम शामिल है।
भाषा जोहेब सिम्मी
सिम्मी