Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

भगदड़ रोकने के लिए पूजा समितियां लोगों के आने-जाने की उचित व्यवस्था करें : घोष

कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को दुर्गा पूजा समितियों से पंडालों में लोगों के आने-जाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और भगदड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

उनकी यह टिप्पणी उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से मची भगदड़ के बाद आई है। इस भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री घोष ने पत्रकारों से कहा कि संभवतः अचानक अत्यधिक भीड़ बढ़ जाने के कारण भगदड़ मची।

उन्होंने कहा, ‘‘चोरबागान की घटना बेहद दुखद है। लोग वर्षों से दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन के लिए जाते रहे हैं, लेकिन पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई। बड़े आयोजनों में लाखों लोग पहुंचते हैं। ऐसी दुखद घटनाएं कभी नहीं होनी चाहिए।’’

घोष ने कहा, ‘‘आयोजकों को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पूजा समितियों को पुलिस से सलाह-मशविरा कर ऐसे उपाय करने चाहिए, जिससे पंडालों में लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और भगदड़ जैसी घटनाओं को रोका जा सके। राज्य सरकार घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।’’

भाषा

सिम्मी सुरभि

सुरभि