Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

वीएसीबी ने रिश्वत मांगने के मामले में तिरुवनंतपुरम के माकपा पार्षद के घर छापा मारा

तिरुवनंतपुरम, 18 अक्टूबर (भाषा) केरल में सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (वीएसीबी) ने भूमि से संबंधित एक मामले को सुलझाने के लिए 10 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोपी माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) के एक पार्षद के घर पर रविवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वीएसीबी के अधिकारियों ने तृक्कन्नापुरम में माकपा पार्षद अजीन एस. एल. के घर की तलाशी ली।

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी की विशेष जांच इकाई-1 ने 16 अक्टूबर को अजीन, तृक्कन्नापुरम के निवासी जोस और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजू ने तिरुमला गांव के तृक्कन्नापुरम वार्ड में एमएलए रोड पर एक भूखंड खरीदा था।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम के तृक्कन्नापुरम वार्ड के पार्षद अजीन ने जन प्रतिनिधि के तौर पर अपने पद का दुरुपयोग किया।

आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता की जमीन के अंदर स्थित बताई जा रही सरकारी पुरंबोक भूमि को शिकायतकर्ता के नाम पर दर्ज कराने और वहां निर्माण कार्य की अनुमति दिलाने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की।

प्राथमिकी के अनुसार, रिश्वत की मांग सबसे पहले पांच मई, 2026 को फोन पर शिकायतकर्ता के दोस्त जोबी से की गई थी। इसके बाद आठ मई को पार्षद के कार्यालय में सीधे तौर पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी गई।

आरोप है कि शिकायतकर्ता ने अपने फोन पर बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

प्राथमिकी के अनुसार, 27 सितंबर को शिकायतकर्ता की गैर-मौजूदगी में अजीन एवं जोस दो अन्य लोगों के साथ भूखंड पर पहुंचे और वहां काम कर रहे मजदूरों को धमकाया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि अगले दिन जोस दो अन्य लोगों के साथ शिकायतकर्ता के पास पहुंचा और अजीन की ओर से रिश्वत की मांग की।

भाषा जोहेब सिम्मी

सिम्मी