Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

कोलकाता भगदड़ : 14 घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी, तीन आईसीयू में भर्ती

कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए 25 में से 14 लोगों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इन 14 लोगों में से तीन को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है और एक की हालत गंभीर है।

आईसीयू में भर्ती तीन मरीजों में से एक की हालत ‘एसिडोसिस’ के कारण अपेक्षाकृत गंभीर है। इस स्थिति में शरीर में अम्ल की मात्रा अत्यधिक बढ़ जाती है। चिकित्सकों के अनुसार, इसका कारण भीड़ में लंबे समय तक दबे रहने से मांसपेशियों को पहुंची चोट हो सकती है।

पश्चिम बंगाल नैदानिक प्रतिष्ठान नियामक आयोग के अध्यक्ष विश्वजीत बसु ने बताया कि आईसीयू में भर्ती अन्य दो मरीजों की हालत में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और चिकित्सकों को उम्मीद है कि उन्हें सामान्य वार्ड में स्थानांतरित किया जा सकेगा।

सेवानिवृत्त न्यायाधीश बसु ने चिकित्सकों और आयोग के अन्य सदस्यों के साथ अस्पताल का दौरा किया तथा घायलों की स्थिति और उपचार की समीक्षा की।

उन्होंने कहा, ‘‘एक व्यक्ति को छोड़कर बाकी सभी की हालत लगभग स्थिर है। हमने इलाज से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की और हम संतुष्ट हैं कि उनका उपचार सही तरीके से किया जा रहा है।’’

आयोग के एक सदस्य ने बताया कि सामान्य वार्ड में भर्ती शेष 11 मरीज की हालत भी लगभग स्थिर है।

एक चिकित्सक ने बताया कि घायलों में से एक के पेट के नीचे और जांघों के ऊपर स्थित हड्डियों का ढांचे (पेल्विस) में चोट आई है, जबकि अन्य की चोटों की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि आगे के इलाज के बारे में हड्डी रोग विशेषज्ञ फैसला करेंगे।

चिकित्सक ने बताया कि घायल अपेक्षाकृत कम उम्र के हैं और उनमें से अधिकतर को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं है जिससे उन्हें जल्दी स्वस्थ होने में मदद मिलेगी।

आयोग के सदस्य ने कहा कि वह एक सर्जन के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी आधिकारिक जिम्मेदारी के तहत अस्पताल गए थे।

उन्होंने भरोसा जताया कि अस्पताल की ट्रॉमा टीम घायलों का उचित इलाज करने में सक्षम है।

उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

राज्य सरकार ने एक समिति गठित की है, जो सभी प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा संबंधी नियमों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी।

भाषा सिम्मी जोहेब

जोहेब