बलरामपुर (उप्र), 18 अक्टूबर (भाषा) बलरामपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार ने दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घायलों में दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना देहात थाना क्षेत्र के चिरगहिया बेल्हा गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात कुछ श्रद्धालु सड़क किनारे स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे थे, तभी सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गई।
सूत्रों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल बलरामपुर के जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पाटेश्वरी (50) के रूप में हुई है।
सिंह ने बताया कि हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं जिनमें से छेदी राम (45) और डबलू (35) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बहराइच रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दो अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
भाषा सं. सलीम सिम्मी सुरभि
सुरभि