Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

कनाडा में सैन्य अड्डे पर आग लगने से कई लोगों की मौत, कुछ घायल

एडमंटन (कनाडा), 18 अक्टूबर (एपी) कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित एक सैन्य अड्डे पर एक घटना के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें कुछ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कनाडा के रक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी।

रक्षा मंत्री डेविड मैकगिंटी ने शनिवार को कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि सैन्य अड्डे पर हुई इस घटना में लोग हताहत हुए हैं।’’

इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अल्बर्टा में स्थित कनाडाई सैन्य अड्डे सीएफबी वेनराइट में एक गंभीर घटना हुई है, जिसके कारण भीषण आग लग गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी वीर महिलाओं एवं पुरुष सैन्यकर्मियों के साथ हैं।’’

अल्बर्टा प्रांत प्रमुख डेनियल स्मिथ ने आग लगने की घटना को ‘‘गंभीर और दुखद’’ बताया और कहा कि इससे कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं।

यह सैन्य अड्डा अल्बर्टा के वेनराइट कस्बे के पास स्थित है, जो एडमोंटन से लगभग 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है।

कार्नी ने बताया कि संघीय सरकार अल्बर्टा के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वह और स्मिथ एक-दूसरे के निकट संपर्क में हैं तथा दोनों सरकारों के मंत्री और अधिकारी भी आपस में संपर्क बनाए हुए हैं।

स्मिथ ने घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचकर बचाव कार्य करने वाले कर्मियों और प्रभावितों की देखभाल एवं सहायता कर रहे लोगों का आभार व्यक्त किया।

कनाडा के विपक्षी दल कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे ने कहा कि उन्होंने आग से प्रभावित लोगों को सहायता देने के संबंध में कार्नी और रक्षा मंत्री से बात की है।

पोइलिव्रे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप सभी वेनराइट के लिए प्रार्थना करें।’’

उन्होंने इलाके के लोगों से आपातकालीन निर्देशों का पालन करने और बचावकर्मियों के लिए सड़कें खाली रखने की अपील की।

कार्नी और स्मिथ में से किसी ने भी आग लगने के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

यह आग ऐसे समय लगी है, जब कुछ ही दिन बाद अल्बर्टा में उस प्रक्रिया को शुरू करने के मुद्दे पर मतदान होना है, जिसके जरिए यह प्रांत कनाडा से अलग होकर स्वतंत्र होने की मांग कर सकता है।

एपी सिम्मी शोभना

शोभना