Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

बरेली में दो पक्षों के बीच गोलीबारी में राहगीर बुजुर्ग की मौत

बरेली, 17 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला कस्बे में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद, मारपीट और गोलीबारी के दौरान एक बुजुर्ग राहगीर की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान सज्जाद अंसारी (65) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब पांच बजे मोहल्ला त्रिपोलिया निवासी सुमित और मोहल्ला लठैता निवासी नवीन के परिजनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव और गोलीबारी शुरू हो गई।

इसी दौरान अपने काम से गोसिया चौक की ओर जा रहे सज्जाद अंसारी गोलीबारी की चपेट में आ गए। एक गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बरेली की पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आंवला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि दोनों पक्षों के उपद्रवियों और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

भाषा

सं, आनन्द जोहेब रवि कांत