नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कोलकाता के चोरबागान में दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 17 लोगों की मौत पर शनिवार को शोक जताया और हादसे की निष्पक्ष जांच की की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा मुहैया कराने के साथ ही इस हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ एवं इसमें हुयी जनहानि से वह अत्यंत व्यथित हैं।
उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को तत्काल बचाव एवं चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए तथा मृतकों के परिजनों और घायलों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने घटना की गहन जांच कराने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदियों को रोका जा सके।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की ख़बर बेहद दुखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और घायल होने की सूचना है।'
उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनायें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
उनका कहना है कि प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले, और इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए।
राहुल ने कहा, 'मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे राहत कार्य में हर संभव मदद करें।'
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के एक पंडाल में शनिवार को भगदड़ में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी एवं 25 अन्य लोग घायल हो गए।
भाषा हक रंजन
रंजन