जयपुर, 17 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है और राजस्थान विकसित भारत का ‘ग्रोथ इंजन’ बन रहा है।
शर्मा ने यहां राजस्थान आवासन मंडल की विशिष्ट पंजीकरण योजना-2026 के तहत पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना की शुरुआत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार सुशासन, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में जल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना जैसे महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय जल समझौतों एवं परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया है, जिससे करोड़ों लोगों को लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ के तहत नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व निभाने, जनजागरण और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण साधना है।
उन्होंने कहा कि वह पत्रकारों को होने वाली समस्याओं और कठिनाइयों को अच्छी तरह समझते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत