नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को फिल्म निर्माता अमरदीप सिंह ग्रेवाल को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोका और पंजाब में बलात्कार के एक मामले से जुड़े कथित रिश्वतखोरी और जबरन वसूली के मामले में उनसे पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी द्वारा ग्रेवाल के खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर उन्हें हवाई अड्डे पर रोका गया। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह दिल्ली हवाई अड्डे से रवाना हो रहे थे या वहां आए थे।
ईडी ने उन्हें पहले दिल्ली में पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन उन्होंने पेशी के लिए और समय मांगा था तथा नयी तारीख देने का अनुरोध किया था।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रेवाल का बयान दर्ज किया गया और उन्हें अगले सप्ताह फिर से जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है।
ग्रेवाल फिल्म जगत की जानी-मानी हस्ती हैं और ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन से जुड़े हैं। ईडी द्वारा उन्हें रोके जाने के संबंध में टिप्पणी के लिए निर्माता या उनकी कानूनी टीम से तत्काल संपर्क नहीं हो सका।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रेवाल 2023 में आई ‘मौजां ही मौजां’ और 2022 में रिलीज हुई ‘स्नोमैन’ सहित कई पंजाबी फिल्मों से जुड़े थे। वह विदेशों में फिल्मों के निर्माण और रिलीज से संबंधित गतिविधियों में भी शामिल थे।
भाषा आशीष रंजन
रंजन
रंजन