नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में मादक पदार्थ बनाने वाली दो गुप्त प्रयोगशालाओं का भंडाफोड़ किया जाना एक बड़ी उपलब्धि है।
शाह ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) को बधाई देते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में कृत्रिम मादक पदार्थ, इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन एवं उपकरण जब्त किए गए। इस मामले में एक विदेशी नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
गृह मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई का एक बेहतरीन उदाहरण है, और दिसंबर 2029 से पहले मादक पदार्थों के गिरोहों को खत्म करने की हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नशामुक्त भारत मिशन’ के तहत अपनाए गए मादक पदार्थ नियंत्रण दृष्टि दस्तावेज 2026-2029 के अनुरूप है।”
एनसीबी ने नशीले पदार्थ बनाने वाली दो गुप्त प्रयोगशालाओं का भंडाफोड़ किया है। एजेंसी ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया और एम्फेटामाइन युक्त 379.74 किलोग्राम पदार्थ तथा 10 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन जब्त किया। एजेंसी ने शनिवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेस्टिनी अब्राहम डंबिरी के रूप में हुई है, जिसने खुद को नाइजीरियाई नागरिक बताया और मिजोरम निवासी लल्लावमजुआली के रूप में हुई है, जिसे ओलिविया लालछविमावई के नाम से भी जाना जाता है।
एनसीबी ने बताया कि आव्रजन रिकॉर्ड के अनुसार डंबिरी जनवरी 2020 में फ्रांसिस कालोकोह नाम से भारत आया था। रिकॉर्ड में उसकी पहचान सिएरा लियोन के नागरिक के रूप में दर्ज थी। वह दिसंबर 2020 तक वैध पर्यटक वीजा पर भारत आया था।
बयान के अनुसार, लल्लावमजुआली को इससे पहले गोवा में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा जांच किए जा रहे एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। मार्च में डाबोलिम हवाई अड्डे पर उसके चेक-इन सामान से 313 ग्राम हेरोइन युक्त पाउडर जब्त किया गया था। वह फिलहाल उस मामले में जमानत पर बाहर है।
ये प्रयोगशालाएं ग्रेटर नोएडा के जहानाबाद कलालपुर गांव में किराये के परिसरों से संचालित की जा रही थीं। आरोप है कि इनका इस्तेमाल कृत्रिम नशीले पदार्थों के निर्माण और प्रसंस्करण के लिए किया जा रहा था।
एनसीबी के बयान के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर एजेंसी ने शुक्रवार को ‘ऑपरेशन क्रिस्टल हंट’ नाम से एक गुप्त अभियान शुरू किया।
भाषा गोला रंजन
रंजन