Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

मप्र : मंदसौर के पांच गांवों में मलेरिया के 23 मामले सामने आए, घर-घर सर्वेक्षण शुरू

मंदसौर, 17 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के पांच गांवों में मलेरिया के 23 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण पर काबू पाने के लिए घर-घर सर्वेक्षण शुरू कर दिया है और रोकथाम के उपाय तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिले के भानपुरा विकासखंड के कोटड़ी टैंक, छोटी कोटड़ी, भानपुरा छतरी, थागी और बरोड़िया गांवों में मलेरिया के मामले सामने आए हैं। ये गांव जिला मुख्यालय से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित हैं।

जिलाधिकारी दिव्यांक सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि पांच से छह दिन पहले मलेरिया के मामले सामने आए थे, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है।

उन्होंने कहा, “मलेरिया से कोई भी मरीज गंभीर रूप से बीमार नहीं है। गरोठ के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) और खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) प्रभावित गांवों का दौरा कर चुके हैं। क्षेत्र में हुई दो मौतों के मलेरिया से संबंधित होने की पुष्टि नहीं हुई है।”

अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग दोनों मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, टीमों ने अब तक 643 घरों का सर्वेक्षण किया है और मच्छरों के लार्वा की जांच के लिए 2,969 जलपात्रों का निरीक्षण किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि 46 घरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए, जिन्हें तत्काल नष्ट कर दिया गया। कुल 216 लोगों की त्वरित जांच की गई, जिनमें 15 में मलेरिया की पुष्टि हुई। इसके अलावा, 153 लोगों के रक्त के नमूने लेकर स्लाइड तैयार की गईं, जिनमें 13 में संक्रमण पाया गया।

विभाग ने संक्रमण का प्रसार रोकने और निगरानी बढ़ाने के लिए विशेष दल गठित किए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और पाइरेथ्रम का छिड़काव किया जा रहा है। मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए नालियों में टेमेफोस नामक कीटनाशक एवं लार्वानाशक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को मलेरिया से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक कर रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के डॉ. आर. के. द्विवेदी ने लोगों से सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और बुखार आने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की।

उन्होंने शाम के समय मच्छरों से बचाव के लिए भी आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत रवि कांत