Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

किश्तवाड़ में नाबालिग से दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

जम्मू, 17 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में अपराध शाखा के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने किश्तवाड़ जिले में 15 वर्षीय एक लड़की से कथित दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले में शनिवार को 15 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक हजार से अधिक पन्नों के आरोपपत्र में 143 गवाहों का उल्लेख है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।

आदिवासी समुदाय की इस लड़की के साथ उसके स्कूल के एक शिक्षक द्वारा कई महीनों तक कथित तौर पर बार-बार यौन उत्पीड़न किया गया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। 20 अगस्त को कथित तौर पर गर्भपात कराने की कोशिश के बाद पीड़िता की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को एसआईटी द्वारा जांच अपने हाथ में लेने के 60 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि 15 आरोपियों में शिक्षक, गर्भपात कराने की कोशिश में कथित तौर पर मदद करने वाले कई स्वास्थ्यकर्मी और पीड़िता के परिवार के साथ समझौता कराने का प्रयास करने वाले अन्य लोग शामिल हैं।

लड़की की मौत के बाद शुरुआत में छात्रू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। एक सप्ताह बाद व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच जांच जम्मू की अपराध शाखा को सौंप दी गई।

हालांकि, तब तक पुलिस आरोपी शिक्षक और उसके भाई समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।

भाषा शफीक रंजन

रंजन