लेह/जम्मू, 17 अक्टूबर (भाषा) भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत रविवार को लेह में जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ का उद्घाटन करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह कदम महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को को न्याय पाना आसान हो जायेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘उच्च न्यायालय की पीठ की स्थापना लद्दाख के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। विशेष रूप से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले उन लोगों को इससे लाभ होगा, जिन्हें भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और लंबी दूरी तय करने की कठिनाइयों के कारण उच्च न्यायिक संस्थानों तक पहुंचने में परेशानी होती रही है।’’
अधिकारियों के अनुसार, लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कुंद्रा ने कहा, ‘‘न्यायमूर्ति सूर्यकांत यहां आ रहे हैं। उनके साथ उच्चतम न्यायालय के चार अन्य न्यायाधीश भी होंगे। जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और उच्च न्यायालय के अन्य सभी न्यायाधीश भी आ रहे हैं। भारत के अटॉर्नी जनरल भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।’’
स्थानीय निवासियों को होने वाले व्यावहारिक फायदों पर जोर देते हुए कुंद्रा ने कहा कि न्यायिक राहत पाने के इच्छुक लोगों को, रिट याचिकाएं दायर करने के लिए भी श्रीनगर या जम्मू नहीं जाना पड़ेगा।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश