ठाणे, 17 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना के वरिष्ठ नेता प्रताप सरनाईक ने शनिवार को ठाणे में शिवसेना (उबाठा) के दिवंगत पदाधिकारी प्रदीप पुर्णेकर के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सत्ताधारी दल पूरी तरह से उनके साथ खड़ा है।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के मनपाड़ा क्षेत्र के वार्ड प्रमुख प्रदीप पुर्णेकर की गत 29 सितंबर को हत्या कर दी गई थी। सरनाईक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस कठिन घड़ी में पुर्णेकर परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस दौरान मंत्री सरनाईक ने पीड़ित परिवार की उपमुख्यमंत्री शिंदे से फोन पर बात भी कराई।
मंत्री ने बताया कि वह ठाणे में नगरसेवक (पार्षद) रहने के दिनों से ही यानी पिछले कई सालों से पुर्णेकर परिवार को जानते हैं।
सरनाईक ने कहा, 'दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए शिवसेना पीड़ित परिवार की ओर से पैरवी के लिए अनुभवी और वरिष्ठ वकीलों की सेवा उपलब्ध कराएगी।'
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को पुर्णेकर परिवार की सुरक्षा संबंधी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
हत्या के 18 दिन बाद पहुंचने पर सरनाईक ने परिवार से माफी भी मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के तुरंत बाद ठाणे में माहौल काफी तनावपूर्ण था, इसलिए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के उद्देश्य से उन्होंने सही समय पर आने का निर्णय लिया।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
अविनाश