Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

हमले के बीच हौसला बनाए रखने की कोशिश करते रहे भारतीय पायलट मच्छार

दुबई, 17 अक्टूबर (भाषा) पिछले महीने फ्लाईदुबई की एक उड़ान में अपने सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि उन्हें अपनी जान जाने का डर सता रहा था और वह खुद से कह रहे थे, ‘‘तुम इस तरह नहीं मर सकते।’’

मच्छार ने ‘स्काई न्यूज अरबिया’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘एक पल ऐसा आया, जब मुझे एहसास हुआ और मैंने खुद से कहा, ‘स्मित, कुछ करो। तुम इस तरह नहीं मर सकते।’’’ इस साक्षात्कार के कुछ अंश समाचार चैनल ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए।

मच्छार ने बताया कि कॉकपिट में अपने कंप्यूटर की जांच करते समय सिर के पिछले हिस्से पर हमला किए जाने के बाद वह कई बार बेहोश हुए।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अस्पताल में भर्ती मच्छार ने साक्षात्कार में कहा, ‘‘इसके बाद मैं बार-बार अचेत हो रहा था और फिर होश में आ रहा था।’’

भारतीय पायलट ने आपात स्थिति के दौरान विमान का नियंत्रण संभालने वाले अपने सहकर्मी की भी प्रशंसा करते हुए उनके कदम को सराहनीय बताया और कहा कि वह इसे जीवन भर याद रखेंगे।

यूएई स्थित समाचार संस्थान ‘द नेशनल’ के साथ एक अलग साक्षात्कार में मच्छार ने कहा कि उस समय उनकी प्रतिक्रिया जिंदा रहने की सहज प्रवृत्ति के कारण थी। उन्होंने कहा, ‘‘यह जिंदा रहने की सहज प्रवृत्ति थी, जो उस समय जाग उठी। शुक्र है कि ऐसा मेरे साथ-साथ मेरे सभी यात्रियों और सहकर्मियों के लिए भी हुआ।’’

‘द नेशनल’ ने भी शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साक्षात्कार के कुछ अंश साझा किए।

यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी और इसमें 170 से अधिक लोग सवार थे।

ओमान के सह-पायलट ने कॉकपिट के अंदर आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाली कुल्हाड़ी से मच्छार पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की।

यूएई के अटॉर्नी जनरल के अनुसार, जांच में पता चला कि सह-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर तेल अवीव स्थित इजराइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल से विमान टकराने की साजिश रची थी। मामले में जांच जारी है।

कैप्टन मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे एक अन्य पायलट, चालक दल के सदस्यों और यात्रियों को हस्तक्षेप करने और हमलावर को काबू में करने का मौका मिला। विमान में सवार अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और उसे उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया, जहां विमान सुरक्षित उतर गया।

भाषा आशीष सुभाष

सुभाष