मुंबई, 17 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार युवाओं को तिरंगा नहीं लहराने देती है, तो सत्ता परिवर्तन की जरूरत है।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ दिल्ली में हुए प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्ष बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन कराने और युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल “अराजकता” फैलाने के लिए करना चाहता है।
शिवसेना (उबाठा) महाराष्ट्र में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का एक घटक दल है।
राउत ने कहा, ‘‘क्या इस देश में तिरंगा लहराकर विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकता? हम तिरंगा लहराना चाहते थे। नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस के शासन में आप युवाओं को तिरंगा लहराने की अनुमति नहीं देते, बल्कि उन्हें गिरफ्तार कर लेते हैं या उनका ‘अपहरण’ तक कर लेते हैं।’’
उन्होंने कहा, “यही वजह है कि सत्ता परिवर्तन की बात हो रही है। और यह सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा।’’
दीपके को शनिवार को सशर्त जमानत दे दी गई और उनसे शांति बनाए रखने संबंधी बॉण्ड पर हस्ताक्षर करने को कहा गया।
शुक्रवार को कनॉट प्लेस में कॉजपा के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली के झंडेवालान स्थित घर से बाहर निकलते ही दीपके को हिरासत में ले लिया गया था।
दीपके को 10 अक्टूबर को दिए गए शांति बॉण्ड का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश