नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानन कंपनी एमिरेट्स के विमान के उतरते समय उससे एक पक्षी टकरा गया। यह उड़ान दुबई से दिल्ली आई थी। पक्षी टकराने के कारण विमानन कंपनी को वापसी की उड़ान 14 घंटे से अधिक समय के लिए टालनी पड़ी।
एमिरेट्स ने यात्रियों को सूचित किया कि वापसी की उड़ान शनिवार शाम चार बजकर 25 मिनट पर रवाना होना निर्धारित थी, लेकिन अब इसके रविवार सुबह सात बजे रवाना होने की उम्मीद है।
खाड़ी क्षेत्र की विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘17 अक्टूबर को दुबई से दिल्ली आ रही एमिरेट्स की उड़ान ‘ईके517’ के विमान से उतरते समय पक्षी टकरा गया। इसके परिणामस्वरूप, दिल्ली से दुबई जाने वाली वापसी की उड़ान ‘ईके517’ में देरी होगी, क्योंकि विमान की जरूरी मरम्मत की जा रही है।’’
हालांकि, विमानन कंपनी ने विमान में सवार यात्रियों की संख्या जैसी जानकारी साझा नहीं की।
एमिरेट्स ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
कंपनी ने बताया कि उड़ान अब 18 अक्टूबर को स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे रवाना होने की उम्मीद है।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश