इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 अक्टूबर (भाषा) इंदौर के एक गरबा पंडाल में नाबालिग लड़की से कथित दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की की घटना को लेकर पुलिस ने शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय पदाधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रुबीना मिजवानी ने बताया कि पीड़ित लड़की की शिकायत पर कमल चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और धारा 75 (यौन उत्पीड़न) तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार 15 अक्टूबर को हीरानगर थाना क्षेत्र के एक गरबा पंडाल में चौहान ने लड़की से कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था।
घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। वीडियो में चौहान किसी बात पर नाराज होकर लड़की के पास जाते और उसे धक्का देते नजर आ रहे हैं।
चौहान, इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-दो में भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बीच भाजपा की इंदौर इकाई के अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिन में जवाब मांगा है।
नोटिस में कहा गया है कि चौहान का आचरण पार्टी की विचारधारा और उनके पद के अनुरूप नहीं है। इसमें चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयसीमा में स्थिति स्पष्ट नहीं करने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब