Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ; हुड्डा ने बेरोजगारी, बढ़ते कर्ज, अपराध पर घेरा

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के तीसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ पर उस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कभी प्रति व्यक्ति आय और रोजगार सृजन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हरियाणा आज बेरोजगारी, अपराध और कर्ज के मामले में सबसे खराब स्थिति वाले राज्यों में शामिल हो गया है।

राज्य में भाजपा शासन के 12 वर्षों को ‘‘झूठे वादों, बढ़ते अपराध, सर्वाधिक बेरोजगारी और रिकॉर्ड कर्ज’’ का दौर करार देते हुए हुड्डा ने दावा किया कि सरकार के पास अपनी किसी भी उपलब्धि का ब्योरा देने के लिए कुछ नहीं है।

हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने कौशल विकास निगम के कर्मचारियों को स्थायी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन मुख्यमंत्री ने पिछले विधानसभा सत्र में स्पष्ट कर दिया कि ऐसा नहीं होगा, क्योंकि यह व्यवस्था केवल अस्थायी रोजगार प्रदान करने के लिए बनाई गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो लाख नयी भर्तियां करने का भी वादा किया था, लेकिन पिछले दो वर्षों में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने भर्ती की एक भी अधिसूचना जारी नहीं की है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी विभागों में करीब दो लाख पद खाली पड़े हैं, जिसके कारण राज्य के बेरोजगार युवा हरियाणा और देश छोड़कर बाहर जाने को मजबूर हो रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर ‘‘झूठे वादों और वोटों की चोरी’’ के दम पर सरकार बनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूरे देश के सामने वोटों की इस चोरी को उजागर किया है और आज पूरा देश इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है।’’

हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में जब कांग्रेस ने सत्ता छोड़ी थी, तब हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन, खिलाड़ियों और बुजुर्गों के सम्मान, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने, जनकल्याण और कानून-व्यवस्था के मामले में देश में पहले स्थान पर था।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आज हरियाणा बेरोजगारी, नशे की लत, अपराध और कर्ज के मामले में देश में शीर्ष पायदान पर पहुंच गया है।’’

भाषा सुमित रंजन

रंजन