गुना, 17 अक्टूबर (भाषा)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को देश के विकास में आमजन की अधिक भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण समुदायों, किसानों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।
संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र गुना के अंतर्गत अशोकनगर जिले के दौरे के दूसरे दिन, गुना से लगभग 90 किलोमीटर दूर चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के सेमरखेड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान आयोजित 'ग्राम चौपाल' में उन्होंने स्थानीय निवासियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
सिंधिया कार्यक्रम के दौरान सजी हुई बैलगाड़ी पर सवार हुए और ग्रामीणों, किसानों तथा महिलाओं से बातचीत कर सरकारी योजनाओं के लाभों के बारे में जाना। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों के संबंध में भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर मौजूद प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। सिंधिया ने विकास प्रक्रिया में जनभागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया।
भाषा सं दिमो जोहेब
जोहेब