प्रतापगढ़, 17 अक्टूबर (भाषा) अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि सिर्फ हाथ में संविधान की किताब लेकर घूमने से सत्ता नहीं बदलती, बल्कि इसके लिए जमीनी स्तर पर काम करना होता है।
अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर यहां जीआईसी मैदान में आयोजित श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम में अनुप्रिया पटेल ने अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी अपना दल (एस) की प्रमुख ने चुनाव की तैयारियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार राजग की सरकार बनेगी।
पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक-एक वोट राजग के खाते में जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन को मजबूत करना सभी का साझा लक्ष्य है और चुनाव में राजग की जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने के लिए अपना दल (एस) अपने प्रत्याशियों के साथ मजबूती से खड़ा है।
राजग में सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर गठबंधन के भीतर बातचीत की जाएगी।
अनुप्रिया पटेल ने किसी पार्टी का नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने केंद्र और राज्य सरकारों में सत्ता का सुख भोगा, उन्होंने कभी पिछड़े वर्ग के हितों के बारे में गंभीरता से नहीं सोचा।
उन्होंने कहा, “जब मैं भारत सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनी, तब इसी प्रतापगढ़ की धरती पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमारे नेता डॉ. सोनेलाल पटेल के सम्मान में इस मेडिकल कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा।”
इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल सहित पार्टी के विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत