नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग करते हुए शनिवार को कैंडल मार्च निकाला।
संगठन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की अगुवाई में मार्च निकाला गया।
इस मौके पर जाखड़ ने महिला सशक्तीकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दावों तथा महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए।
जाखड़ ने कहा कि एक ऐसे व्यक्ति को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया जाना चिंता की बात है, जिसके खिलाफ जांच अभी जारी है।
उनका कहना था, ‘‘भाजपा जिस तरह ‘नारी वंदन’ की बात करती है, उसे देश की बेटियां देख रही हैं और पूरा देश देख रहा है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ जांच अभी चल रही है, उसे राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है।’’
जाखड़ ने कहा उत्तराखंड में 2022 में हुई अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में न्याय की मांग को दरकिनार नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सत्ता के पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही तय किए जाने की भी मांग की।
भाषा हक पवनेश रंजन
रंजन