Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

उत्तराखंड : अंकिता भंडारी हत्या मामले में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

देहरादून, 17 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्या मामले में कथित 'वीआईपी' की भूमिका की जांच के बीच भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में अपना आंदोलन जारी रखते हुए शनिवार को यहां कैंडल मार्च निकाला।

कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में यह मार्च राजपुर रोड पर राज्य पार्टी मुख्यालय से शुरू हुआ और घंटाघर होते हुए मुख्यालय वापस आया।

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने “अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” और “दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करो” जैसे नारे लगाए।

मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश सह—प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव तथा अनेक विधायक और पूर्व विधायक शामिल हुए ।

अंकिता हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' की भूमिका की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही जांच के बीच गौतम की नियुक्ति से मामले में नया उबाल आ गया है ।

भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर की बातचीत के सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद अंकिता के माता-पिता की मांग पर इस साल जनवरी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी ।

भाषा दीप्ति

जोहेब

जोहेब