Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

लखनऊ के फैजुल्लागंज को बाढ़ से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए 5.5 किमी लंबा तटबंध बनाया जाएगा

लखनऊ, 17 अक्टूबर (भाषा) उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के फैजुल्‍लागंज मोहल्‍ले को हर साल आने वाली बाढ़ से स्‍थायी मुक्ति के लिए आईआईएम रोड से पक्‍का पुल तक साढ़े पांच किलोमीटर तटबंध बनाया जाएगा। शनिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया है कि फैजुल्लागंज में इस वर्ष भारी बारिश के कारण जलभराव जैसी समस्या भविष्य में न हो, इसके लिए राज्य सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है।

शनिवार को रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वपूर्ण बैठक में यह तय हुआ कि आईआईएम रोड से पक्का पुल तक गोमती नदी के बाएं तट पर लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे तटबंध का निर्माण कराया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि इसके अलावा गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने पर नालों से पानी की निकासी बाधित होने की समस्या के समाधान के लिए 12 नए पंपिंग स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे और न्याय विहार से एल्डिको ड्रेन तक जल निकासी का विस्तृत नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

सिंह ने कहा कि लखनऊ के नागरिकों को इस समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह में बाढ़ और जलभराव से फैजुल्लागंज सहित निचले इलाकों के हजारों परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ी है और उनके घरों व प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने आईआईएम रोड से खदरा होते हुए पक्का पुल (हार्डिंग ब्रिज) तक बंधा निर्माण के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर शीघ्र शुरू कराने के साथ ही, इन कॉलोनियों में ट्रंक ड्रेनेज, सीवेज नेटवर्क, घर-घर नल से जल, सड़क और सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का समयबद्ध विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री द्वारा रखे गए बिंदुओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

भाषा आनन्द

जोहेब

जोहेब