Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

शिरोमणि अकाली दल 10 नवंबर से पंजाब में राज्यव्यापी यात्रा शुरू करेगा

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने शनिवार को कहा कि वह पंजाब में एक राज्यव्यापी यात्रा निकालेगा, जिसकी शुरुआत 10 नवंबर को तलवंडी साबो स्थित श्री दमदमा साहिब से होगी।

पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में निकाली जाने वाली यह यात्रा तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण के तहत 10 से 22 नवंबर तक यात्रा निकाली जाएगी।

यात्रा का दूसरा चरण श्री आनंदपुर साहिब और तीसरा चरण श्री अकाल तख्त साहिब से शुरू होगा।

पार्टी के अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और युवा संगठनों के साथ बैठकों की श्रृंखला पूरी होने के बाद वरिष्ठ नेता दलजीत चीमा ने यह जानकारी दी। इन बैठकों की अध्यक्षता बादल ने की थी।

चीमा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने चुनावी घोषणापत्र में शामिल किए जाने वाले मुद्दों पर इन संगठनों से सीधे प्रतिक्रिया ली और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठनों से मिली प्रतिक्रियाओं पर 24 अक्टूबर को पार्टी की चुनावी घोषणापत्र समिति की अगली बैठक में विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घोषणापत्र एक नवंबर को जारी किया जाएगा।

बादल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पंजाब सरकार का ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान नशे की समस्या खत्म करने के बजाय नशा विरोधी कार्यकर्ताओं और इसकी जानकारी देने वालों की हत्या का कारण बन रहा है।

उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में संकट के बावजूद वह पेरिस की सैर के लिए विमान से जाने की अनुमति हासिल करने के वास्ते ‘दर-दर भटक’ रहे हैं।

बादल ने कहा, “भगवंत मान को पंजाबियों को बताना चाहिए कि विदेश यात्राओं के बावजूद वह राज्य में विदेशी निवेश लाने में क्यों नाकाम रहे हैं।”

बैठक में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसमें शिअद ने शोक संतप्त परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया।

भाषा रंजन सुभाष

सुभाष