नागोया, 17 अक्टूबर (भाषा) धाविका सिमरन शर्मा पैरा एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत की ध्वजवाहक के रूप में भाविना पटेल की जगह लेंगी।
यह फैसला शनिवार को लिया गया ताकि टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना को 19 अक्टूबर को होने वाले अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले पर्याप्त आराम दिया जा सके।
भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने इससे पहले रविवार को होने वाले उद्घाटन समारोह के लिए बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और भाविना पटेल को भारत का ध्वजवाहक नामित किया था।
पीसीआई के एक बयान में कहा गया, ‘‘यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाली खिलाड़ी भाविना को अपने महत्वपूर्ण क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले पर्याप्त आराम और तैयारी का समय मिल सके। आयोजन स्थल तक आने-जाने में लगभग छह घंटे लगते हैं। यह यात्रा शारीरिक रूप से थकाने वाली हो सकती है और मैच से पहले उन्हें सीमित समय ही मिल पाएगा। ’’
पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने कहा कि वह सोमवार को होने वाले क्वार्टर फाइनल से पहले भाविना के आराम और रिकवरी को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे।
सत्यनारायण ने कहा, ‘‘भाविना का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 19 अक्टूबर को है और इस महत्वपूर्ण मैच से पहले उन्हें पर्याप्त आराम के साथ उबरने का समय मिलना जरूरी है। व्हीलचेयर खिलाड़ी होने के कारण आयोजन स्थल तक आने-जाने में करीब छह घंटे लगते हैं। यह यात्रा थकाने वाली होगी और इससे उन्हें आराम करने के लिए कम समय मिलेगा। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी सेहत और प्रतियोगिता के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए हमने बदलाव करना जरूरी समझा। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि खिलाड़ियों को जरूरी आराम मिले और वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। ’’
भारत के सबसे सफल पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल प्रमोद भगत ने 2014 से 2023 के बीच एशियाई पैरा खेलों में कुल छह पदक जीते हैं। इनमें दो स्वर्ण और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
भाविना पटेल ने भी 2018 और 2023 के एशियाई पैरा खेलों में पैरा टेबल टेनिस में दो पदक जीते हैं। इनमें एक रजत और एक कांस्य पदक शामिल है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द